गैस किल्लत पर कैटरिंग व्यापारियों की हुंकार, नया चूल्हा बना बड़ा विकल्प
शादी-विवाह सीजन में गैस संकट, कैटरिंग व्यापारियों ने निकाला नया समाधान

इक़बाल सैफी
लखनऊ – गैस की किल्लत को लेकर उत्तर प्रदेश कैटरिंग संगठन ने अपनी आवाज बुलंद की है। कैटरिंग व्यापारियों का कहना है कि सरकार को उनके लिए अलग से ठोस नीति बनानी चाहिए, ताकि वे अपनी रोजी-रोटी और कारोबार को सुचारु रूप से चला सकें। व्यापारियों का आरोप है कि शादी-विवाह जैसे बड़े आयोजनों में केवल 8 सिलेंडर देने के सरकारी फैसले से उनका काम बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े कई व्यापारियों ने अतिरिक्त गैस सुविधा के लिए आवेदन भी किया, लेकिन अभी तक उन्हें पर्याप्त गैस उपलब्ध नहीं कराई गई। ऐसे में व्यापारियों के सामने बड़े कार्यक्रमों को संभालना चुनौती बनता जा रहा है। संगठन का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो कैटरिंग उद्योग पर गंभीर असर पड़ सकता है।
इसी समस्या का समाधान निकालते हुए उत्तर प्रदेश कैटरिंग संगठन ने गैस के विकल्प के रूप में एक नया और किफायती उपाय खोजा है। संगठन ने वुड्स प्लेट एंड स्टोव बर्नर नाम का एक विशेष चूल्हा पेश किया है, जो गैस की तुलना में 50 प्रतिशत से अधिक बचत करने में सक्षम बताया जा रहा है।

संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में यदि गैस की किल्लत और बढ़ती है, तो यह विकल्प कैटरिंग व्यापारियों के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं होगा। इतना ही नहीं, आमजन भी इस चूल्हे का उपयोग कर गैस संकट के दौरान आसानी से खाना बना सकेंगे।

कैटरिंग व्यापारियों को उम्मीद है कि यह नया विकल्प उनके खर्च को कम करने के साथ-साथ कामकाज को भी आसान बनाएगा।





