सिकंदराबाद में गैस एजेंसी पर बेकाबू भीड़, व्यापारियों और छात्राओं की बढ़ी परेशानी
जीटी रोड पर पर्ची कटवाने उमड़ी भीड़ से रास्ते जाम, दुकानों का कारोबार प्रभावित—छात्राओं ने सुरक्षा और अभद्र व्यवहार को लेकर पुलिस से की शिकायत

इक़बाल सैफी
सिकंदराबाद: मंगलवार सुबह जीटी रोड स्थित भारत गैस एजेंसी पर पर्ची कटवाने के लिए उमड़ी भीड़ ने आसपास के रास्तों को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। हालात ऐसे बन गए कि दुकानों के गेट से लेकर अंदर स्थित धर्मशाला तक पहुंचना मुश्किल हो गया, जिससे स्थानीय व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दुकानदारों का कहना है कि रोज लगने वाली इस भीड़ से ग्राहकों का आना-जाना बाधित हो रहा है और उनके कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है। कई दुकानों तक पहुंचना तक मुश्किल हो जाता है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
वहीं, धर्मशाला परिसर में संचालित कंप्यूटर सेंटर की छात्राओं ने भी गंभीर समस्या उठाई है। उनका कहना है कि भीड़ के कारण सेंटर तक जाने का रास्ता अवरुद्ध हो जाता है। अंदर जाने की कोशिश करने पर कई बार लोग उन्हें गैस लाइन का हिस्सा समझ लेते हैं और अभद्र व्यवहार तक करते हैं।

छात्राओं के मुताबिक, शोर-शराबे और अव्यवस्था से पढ़ाई का माहौल प्रभावित हो रहा है। साथ ही सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। इस संबंध में छात्राओं ने सिकंदराबाद कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी नीरज मलिक ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर महिला पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही गैस एजेंसी संचालक को लाइन व्यवस्था दुरुस्त करने और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आम लोगों और छात्राओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।




