तेज रफ्तार कार की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत, आरोपी गिरफ्तार
सिकंदराबाद: क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

इक़बाल सैफी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टीचर्स कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय विशाल सक्सेना सुबह करीब 9 बजे ई-रिक्शा लेकर सिकंदराबाद की ओर जा रहे थे। तभी रास्ते में एक तेज रफ्तार टाटा कर्व कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सामने से आकर जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और विशाल गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी कार चालक कौशर अली पुत्र जाकिर अली निवासी मालवीय नगर, दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया है।
परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतक विशाल अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उनके परिवार में एक पांच साल की बेटी है, जबकि उनके पिता लकवाग्रस्त हैं। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।






